उमर का लिहाज
“आपकी उमर
का लिहाज कर के छोड़ रहा हूँ, नहीं तो बताता” । मेरे साथ ही
लाइन में लगे एक नौजवान ने काउण्टर के पीछे खड़े अपने से बड़ी उम्र के एक सेल्समैन को
आँखें दिखाकर यह बात कही । कभी-कभी अनदिने भी मिठाई की दुकान पर भीड़ हो जाती है । उस
दिन भी ऐसा ही कुछ हुआ था । जिस व्यक्ति को डाँटा जा रहा था, उससे मेरी नजरें मिल गईं थीं । मैं थोड़ा असहज महसूस करने लगा । उमर तो मेरी
भी हो चुकी है ! किसी भी लिहाज से नौजवान का इस तरह बात करना ठीक नहीं लग रहा था ।
नौजवान उमर का लिहाज किए जा रहा था । उसका
बोलना जारी था – “ सब देख रहा हूँ । सारी होशियारी भूल जाओगे । बाहर चलो बताता हूँ
। तुम क्या समझते हो? पैसे देकर सामान ले रहा है आदमी । ऐसा ही बिहेव करने
के लिए सिखाता है मालिक? सारी चालाकी समझ आ रही है । नहीं देनी
है मिठाई तो मत दो, एक ही दुकान है क्या शहर में ? क्यों ऐसे-ऐसे लोगों को रख लेता है लोग? उमर का लिहाज
कर रहा हूँ, वरना बताता काम कैसे किया जाता है?”
‘बड़ों का लिहाज़ करो’
यह बात इस तरह से मन-मस्तिष्क में धँसी हुई है कि नौजवान की यह ‘डायलॉगबाज़ी’ अखर रही थी । शायद इसलिए भी कि अपनी उम्र
भी डाँट खाने वाले की ओर ही अधिक थी । जबतक हादसा खुद के साथ न घटे, तकलीफ समझ नहीं आती! उम्र एक ऐसी चीज है जो प्रकृति या ईश्वर-प्रदत्त है ।
बाकी सारी बातें परिस्थितियों के वश में हैं । ‘वक़्त’
फिल्म के एक गाने की पंक्ति है – “ वक़्त की हर शय ग़ुलाम, वक़्त का हर शय पर राज”। हम जानते तो हैं, मानते कहाँ
हैं?
न उम्र की, न अनुभव की ,न ज्ञान की, बस उपयोगिता
की ही पूछ होती है । आपकी कीमत आपकी उपयोगिता की समानुपाती होती है । किसी के साथ शिष्टाचार
बरते जाने का आधार भी उपयोगिता ही है । अब तो शिक्षा भी एक ‘सर्विस’
बन चुकी है , यहाँ तो फिर भी सीधी-सीधी खरीद-बिक्री
थी । आजकल लोग अपने बाप से नहीं डरते, सेल्समैन तो एक अदना-सा
मुलाजिम है । जिसकी जेब में पैसे हैं, जिसे वह जहाँ चाहे फेंक
सकता है । वह यह जानता है कि दुनिया पैसे की बदौलत ही चल पाती है । नहीं तो यह सेल्समैन,
जिसने नौजवान का मूड खराब कर
दिया है, आराम से घर में बैठकर मजे नहीं कर रहा होता ?
जिसके पास जितना ज्यादा पैसा, उतनी तनी हुई उसकी
चाल ।
पैसा कई तरह से बोलता है । उसमें से एक
नमूना यह भी है । कहते हैं पेट की गैस माथे में चढ़ जाती है । पैसे की गरमी भी गैस की
तरह माथे पर चढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में आदमी को हर बात की ही जल्दी होने लगती है ।
नौजवान को भी बहुत जल्दी थी । पैसा और पावर ज्यादा होने लगे तो समय कम होने ही लगता
है। खासकर यदि आदमी को उसका भान-गुमान भी हो जाए । नया खून वैसे भी गरम होता है ।
नौजवान अकेला नहीं था । साथ में एक और
नौजवान था । उसके तेवर भी चढ़े हुए ही थे । वह भी सुर में सुर मिला रहा था । ‘जिम’ में बनाए हुए शरीर के ‘उचित
प्रयोग’ के लिए शायद वह आकुल हो रहा था । नौजवानों की इस क्रोध-जुगलबन्दी
के बीच बाकी कारोबार भी चल रहा था । मैं और काउण्टर पर खड़े मेरे जैसे और लोग अपनी-अपनी
पसन्द की मिठाई चुन रहे थे , और प्रतीक्षा में थे कोई सेल्समैन
फ्री हो तो उनका भी पैकेट तैयार हो । नौजवानों की कटु-कर्कश वाणी माहौल को कसैला बना
रही थी । लेकिन सबलोग चुपचाप अपने काम से काम रखे हुए थे । लोग जानते हैं कि चुप रह
जाना बहुत सारी बातों का हल होता है । कम-से-कम कलेश और बढ़ता तो नहीं । सड़क पर ट्रैफिक
के नियम तोड़कर लोग आपसे आगे निकल जाते हैं , आप चुप रहते हैं
। रिश्वतखोरी और पक्षपात का शिकार बनते हैं, दूसरों को शिकार
बनता हुआ देखते हैं, आप चुप रहते हैं । ऐसी एक नहीं कई-कई बातें
हैं ।
दुनिया में हर तबके के लोग हैं । हर का
अपना जीवन है । हर एक जीवन उतना ही महत्त्वपूर्ण है । नौजवान को लग रहा है कि वह ‘मोर इक्वल अमन्ग इक्वल्स’ है । यह भी हो सकता है कि
नौजवान को अपने से ज्यादा ‘औकात’ वाले के
लिए मिठाई ले जानी हो और वह समय पर नहीं पहुँचा पाया हो । आने वाली डाँट का बदला वह
अभी से ही निकाल रहा हो । डाँट तो नीचे की ओर ही बहती है ।
वहाँ खड़े लोगों की नजरें आपस में मिल रही
थीं । सबके चेहरे सपाट थे, भीतर जो भी भाव का घाव हो ! नौजवान का काम हो गया था
। हमने कुछ देखा नहीं, हमने कुछ सुना नहीं , ऐसा मान लेने भर से हम खुद को भारमुक्त कर लेते हैं । उस दिन वहाँ उपस्थित
लोग भी भारमुक्त हो गए थे । नौजवान ने कैश-काउण्टर पर जा कर भुगतान किया । वहाँ भी
उसका प्रलाप चलता रहा । कैश-काउण्टर पर बैठे आदमी ने बिना कुछ कहे हिसाब किया । वह
और सेल्समैन नौजवान को कुछ कहते या उससे उलझ जाते तो ऊर्जा का क्षय हो जाता । वे विज्ञान
के नियम को झुठलाना नहीं चाहते थे ।
नौजवान
की चाल बता रही थी कि उसे लग रहा था कि वह ‘हीरो’ बन गया । उसने चंद मिनटों में कितनी वितृष्णा जेनेरेट
की उसका अन्दाजा भी उसे नहीं होगा ।
मैं
अपना पैकेट लेने का काम अपने साथ आए व्यक्ति पर छोड़ बाहर आ चुका था । कितना भी भारमुक्त
हो जाइए, कभी-कभी हवा इतनी भारी लगने लगती है कि खड़ा भी न हुआ
जाए । दोनों नौजवान हाथ में पकेट लिए निकले और मेरे सामने से अपनी कार की ओर बढ़ गए
। मैंने महसूस किया हवा थोड़ी बदल चली है ।


