शनिवार, 4 अप्रैल 2020

दोहे

जीवन को जो देखिए, उड़े गए दिन रैन
कैसी भागमभाग है ,  नहीं चैन को चैन  || 1

दुनिया रास किसे आइ, किसे मिला रे चैन
दिन  में  जो  सोता रहा, जागेगा  भर   रैन  || 2

कौन देस के तुम रहे, हम आए किस गाम
देखो कैसे  हम मिले,  भूल गए निज नाम  || 3

हँसी-ठिठोली और है, भीतर से मन साफ
ऐसे  तो  नहीं  सुनते,  हँस  के बोलो माफ  || 4                       

कागज काले कर लिए, मन को लिया बुझाय
अभी समझें  जग जीते, अभी   कि छूटा जाय  || 5

खुश रहिए बस आप से,  अपने   ही  के खास
अपना   आप ही अपना,  कौन किसी के पास  || 6


बच्चे आए जीत के, मम्मा की है जीत
खूब बधाइ आई है,  पापा  गाए  गीत  || 7

जितना जितना वो पढ़े , मम्मा उससे बीस
दो दो लोग पास करें ,   एकल दे के फीस  || 8

सुबह सवेरे वो  उठे,   रात  बिताए  जाग
घड़ी-घड़ी है वो चले,  एक घड़ी -सी भाग || 9

गुस्सा  उसका  देख  के, बच्चा  सहमा जाय
फिर भी दुनिया जो कहे, पास उसी के जाय  || 10

नई उमर में सँग रहे,  धीरे  जाए  छूट
फूटे बीज तभी बढ़े, न मानो गया फूट  || 11


अपना अपना दुख सहें,  और  रहें  गमगीन
जीवन ऐसा  कर लिया, जल में तरसत मीन  || 12

हँसना ठीक भूल गए, खुशी गई है भाग
बातें बीत-रीत गईं,  जीवन खाली झाग  || 13

कैसे याद  उसे करे, दिन भर इतना काम
जो तू खुद न खोजेगा, समय  न  देंगे राम  || 14

सूरज देरी आए तो , दिन क्या होता देर
 करना होता है जिसे,  उसे न बेर-कुबेर  || 15

थोड़ा थोड़ा गर करो, इक दिन पुर ही जाय
जो टला एक बार तो, फिर  टलता ही जाय  || 16


भर रस्ते मिलते रहे, टाले-टाल पुआल
धान ले के आए हैं, कितने भले खयाल  || 17

जब भी बेटी हो विदा , हो खाली घरबार
दूजे  घर  में  जा  रहे,  नया  बसे  संसार  || 18

धान तो धन-धान्य है,  खेतों  की है जान
धान लाए घर खुशियाँ, मान बढ़ाए धान  || 19

धान पहनना व गहना, धान  चमका सोना
 धान का  पाना पाना , खो  गया  तो खोना  || 20

पके धान से रँग गया, पूरा ही खलिहान
पूरी धरती धान की, धान-धान दिनमान  || 21



पानी  हारि   पनिहारी,  फूटी  मटकी-प्रेम
सजन, ढिग आऊँ कैसे, इत-उत छूटे नेम  || 22

मैं रहा जग के भीतर, उलझ-उलझ दिन-रात
माया   है    महाठगिनी,  करती   है   उत्पात  || 23

घट-घट भर के रास,रस, अब  काहे मुस्काय
टूट गया कि तोड़ा गया ,  कौन  अभी बतलाय || 24

बात पुरानी हो गई,  मुँह     काहे    लटकाय
देखो अपनी छाप को,नित-नित निखरी जाय  || 25

अपने मत्थे पड़ गया, इ तुगलकी फरमान
 परेशान हर आदमी, जान-जान  हलकान  || 26


मूढ़ता लाय मूढ़ता , और  बैर  को  बैर
बुद्धि कोने में दुबकी, मनाय अपनी खैर  || 27

ढोल नगाड़े बज रहे , कान में कुछ न जाय
समझे बूझे कुछ नहीं, फिर  भी  कूदे जाय  || 28

खूब टिकाने को मिला, सबकी  उस पर टेक
कस-कसा सब फेंक रहे, तू भी कस कर फेंक  || 29

सब बोलें बोल कुबोल, सब नाचें सब ओर
घोर अँधेरा हो चुका, अब इससे क्या घोर  || 30

अपनी बानी रोकिए,  करनी लीजै थाम
बस बैठें चुपचाप सब, नहीं बिगाड़ें काम  || 31

दिखने वाला सच नहीं, ना सुनी हुई ही बात
देखे  दिन  उजले नहीं, ना  काली  ही रात  || 32

साहब हाकिम लोग सब, नहीं सुनेगा कोय
धरिए  धीर  को  अपने , वही सहारा होय  || 33

अपनी ही ताली बजा, ठोके  अपनी  पीठ
गलती पर हँसती रहे, दुनिया कितनी ढीठ  || 34

ढोंग रचाने से कहो, धरम कहाँ निभ पाय
सबके आगे  जो कहे,  सूने  में  पछताय  || 35

चाल भी  बदले वही, कंधा  वही  मिलाय
सबको आगे कर रखे , फिर पीछे रह जाय  || 36

बाहर हँसना जानती, भीतर चाहे रोय
बाहर देखें लोग सब, भीतर देखे कोय  || 37

एक दिवस की बात है , चट से बीता जाय
धरम निभा के देखिए,  मन कैसा हो जाय  || 38

पूरा  हफ्ता  है  भरा,  पूरा   है  आदेश
असली रँग मिटता नहीं, लाख बनाओ वेश  || 39

हाथ जुड़ें बिन बात के, बात में मिसरि डाल
दाँत  निपोड़े  आदतन, मोटी  कर ली खाल  || 40

अपना  दही है मीठा, बातों  में  है  जोर
उनकी ऐसी बात पर, न कोई मचाओ शोर  || 41

पद के मद सा मद नहीं, ना है कोई भार
पद पद  करते सब मुए, पागल  है संसार  || 42

गलती  सबकी देख के,  माथा  ले गरमाय
गलत गलत ही है सही, अल्ला जान बचाय  || 43

बोली फूटे दीन पर, वरना फुटें न बोल
शेर  बने है मेमना,  खुल जाएगी पोल  || 44

अपना हित साधे रहे, भले कहे कुछ और
रस्ता ज्ञानी लोग का, यही आज का तौर  || 45

अपनी बानी बोल के , रहे लार टपकाय
ताली भी अपनी वही, खुद ही पीटे जाय || 46

चाचा  मामा  भईया , सर इंजन सब रेल
दुनिया सर सर कर रही, सबको पीछे ठेल  || 47

सर  करें  सत्कर्म  वही, सर  जो बोलें बोल
अँधे को दिख जाए जो, वो करते आँखें खोल  || 48


अपनी करनी देख के, आप रहे पछताय
जी सर जी मैम बोले, गंगा रोज नहाय  || 49

पाँच-पाँच मिनट करते, दिन तो जाए बीत
गया समय लौटे नहीं, यही  समय की रीत  || 50

दुख बाँटे बँटता नहीं,  सुख  बाँटे न कोय
ऐसे में किसका भला, क्या समझाऊँ तोय  || 51

बिन बात के बात करे , बिन मौके इतराय
मौके  सोभे  बात सब, कौन उसे समझाय  || 52

आज करें कल हो जाय, परसों हीरो होय
करने  से  सपने  पुरें, ये बतलाओ कोय  || 53

आँखें  मूँदे  राखिए,  बने  रहेंगे  मीत
भले वचन भी आपके, उनको लगते तीत  || 54

अपनी करनी देख के, फिर ही दीजे सीख
चाहे मिसरी हो घुली, फिर भी लागे तीख  || 55

खुली खुली हर बात है, कोई नहीं लजाय
बेटा बैठे फैल के,  बाप  खड़ा  ठिसुआय  || 56

बेटा दिखाए आँखें,   बेटा   मारे   लात
कलजुग जैसे लोग हैं, कलजुग जैसी बात  || 57

बाप हुआ तो क्या हुआ, करनी देखें आप
अपने जो ना सो करें, बच्चों  बोलें  पाप  || 58

एक अकेला क्या करे, अपना रस्ता नाप
अपने पथ से ना डिगे, रह जाएगी छाप  || 59

हमको कुछ समझे नहीं, कैसे  लें  मनवाय
दिन अब वैसे ना रहे, खुद को लो समझाय  || 60

चाहे कुछ भी बोलिए, पकड़ें उल्टा छोर
चाहे अपनी बात का, कोई ओर न छोर  || 61

दूजों को तो देख मत, अपने  बारे  जान
बस धरा रह जाएगा, जो भी है अभिमान  || 62

बाँटे कहीं बँटे नहीं,  रोए  ना  घट  जाय
अच्छी बातें सोचिए , दुख थोड़ा छँट जाय  || 63

बैठे  ज्यादा देर तक,   बैठे  ही  रह   जाय 
जड़ता जब छाए घनी, चेतन जड़ हो जाय  ॥ 64 












5 टिप्‍पणियां:

जी हाँ ! यह बिहार है !

  जी हाँ ! यह बिहार है  !  हर हाथ में अखबार है जिहाँ! जिहाँ! बिहार है !!  जो उड़ा रहा है गरदा छुड़ा रहा बुखार है जिहाँ जिहाँ बिहार है लोग-लो...