शुक्रवार, 5 जून 2026

बालमुकुन फिर सोच में है !

 

 

बालमुकुन फिर सोच में है !

 

बालमुकुन साहित्य की बाउण्ड्री के बहुत बाहर है । लेकिन कभी-कभार टाइम-पास करने के लिए पत्रिकाओं को उलत-पुलट लेता है । ऐसे में ही एक बार एक पत्रिका में उसने देखा  कि समकालीन साहित्य में गाँव की अनुपस्थितिपर गहन विचार-विमर्श हुआ है और भारी चिन्‍ता प्रकट की गई है । गाँवों के देशभारत के साहित्य से गाँव की बेदखली । उसकी उत्सुकता जगी । पूरी परिचर्चा पढ़ गया । और पढ़ने के बाद बालमुकुन फिर सोच में है ! अब क्या कहूँ दोस्तो, उसका तो स्वभाव ही कुछ ऐसा है ।

बालमुकुन ठहरा साहित्य के बाहर का आदमी । वह समझ नहीं पाया कि साहित्य में शहर और गाँव की विभाजन रेखा क्यों जरूरी है ? उसने पढ़ा " गाँव के लोगों के पास भी अब विष है "। उसने सोचा— कब नहीं था ? क्या शहरों में सिर्फ ' विषधर ' रहते हैं संवेदना और सरोकार की बात हर जगह होती है, कहने का तरीका अलग हो सकता है । फिर उसको अज्ञेय की साँपकविता का ध्यान हो आया; हो न हो गाँव के लोगों के पास अब भी विष है’ – यह बात इसी कविता को संदर्भ में रखकर लिखी गई है । विक्की बाबूको मुंशी जीने कहा था कि बात में वजन लाओ । यही बात याद आ गई होगी शायद । बालमुकुन ने मन-ही-मन वह दुहराया जो बचपन से दुहराता आ रहा है,कभी रात में साँप का खयाल भी आ जाए तो – साँप, सुइया, डोरा !  

बालमुकुन सोच रहा है कि गाँव से शहर की ओर जाना कोई अस्वाभाविक बात तो नहीं । आजादी के बाद से ही औद्योगिकीकरण के कारण जनसंख्या शहरों की ओर गई है । भूमंडलीकरण या वैश्वीकरण नहीं भी होते, तो भी शहरीकरण बढ़ता ही । आदमी गाँव से शहर जा रहा है, सो साहित्य भी । ऐसा क्यों है कि गाँवों से ( खासकर आर्थिक रूप से पिछड़े राज्यों, यथा- बिहार) निकलने को पलायनकहते हैं ।  कृषि - कर्म या गाँव से निकलना भागना ( पलायन) क्यों कहा जाए ? व्यक्ति, समाज या देश के ये अलग - अलग स्टेज ( चरण ) हैं । भारत की आबादी का जितना बड़ा हिस्सा कृषि और संबंधित कार्यों पर आधारित है, उसके अनुसार उत्पादन नहीं है । ऐसा उत्पादन संभव भी नहीं है । ' छिपी हुई बेरोजगारिता ' से बेहतर है कि विकल्पों की तलाश की जाए, नए - नए विकल्प बनाए जाएँ । बेहतर अवसरों की तलाश में विदेश गए तो वह सम्मानजनक इमिग्रेशनहो जाता है । किसान और किसानी बहुत समय से हाशिए पर हैं, यह कोई नई बात नहीं है । ' उत्तम खेती,मद्धम बान ' बहुत पुरानी बात हो चुकी । समस्या यह है कि किसानों के हाशिए पर रह जाने की बातें होती हैं, उसके वहाँ निकल सकने की सूरत नहीं निकाली जाती । उनके लिए किसानी के अलावा अन्य विकल्पों पर विचार नहीं किया जाता । रोजगार के अन्य कारगर विकल्पों की बात नहीं सोची जाती ।  हाँ, बात से बात बनाने के लिए परिचर्चाएँ  अत्यंत उपयोगी शगल हैं ।

पाठकों की कमी पर चर्चा पढ़ते-पढ़ते बालमुकुन मन-ही-मन बातों को काटने भी लगा था – पुस्तकों को सिर्फ मनोरंजन के साधन के रूप में देखना कहाँ तक ठीक है ? पाठक नहीं मिल रहे हैं तो लेखन - प्रकाशन की गुणवत्ता और उसके प्रचार - प्रसार पर भी विचार किया जाना चाहिए । जब टीवी , मोबाइल नहीं थे तो सिनेमा भी एक विकल्प था ही, भले ही इतने व्यापक स्तर पर नहीं । अभी पाठकीयता का सही अंदाजा लगाने के लिए, ई बुक्स, ऑडियो बुक्स और साहित्यिक सामग्री उपलब्ध कराने वाली तमाम वेबसाइट्स के उपयोग का आकलन भी करना चाहिए । अरे भाई, पाठक कम हो रहे हैं, वह इसलिए कि सब के सब लेखक हो गए हैं । कस्टमर कोई नहीं, सब के सब सप्लायर ! कभी किसी बड़े अथवा छोटे लेखक से उसके सिवा किसी और लेखक की बात छेड़ कर देखिएगा । निप इन द बडअँग्रेजी कहावत का अर्थ समझ में आ जाएगा, एकदम प्रैक्टिकल में ।

बालमुकुन पढ़ता जा रहा था, और सोचता जा रहा था –

आज के समय में कितने लेखक ऐसे होंगे जो गाँवों में ही रहते हैं ? गाँव के संपर्क में रहकर वहाँ का हालचाल जान लेना अलग बात है । यह कहना संगत नहीं कि गाँव-देहात के लेखन की कसौटी अभिजात और शहरी लेखक तय कर रहे हैं। अगर इशारा ' गुटबाजी ' की ओर है ,तो उसके कारण अलग हैं ।

बोली - बानी, आचरण, सामाजिक - सांस्कृतिक पहचान को बनाने - बचाने में व्यक्ति की भूमिका भी उतनी ही महत्त्वपूर्ण है । भाषा के स्तर पर विद्यापति, सूर, तुलसी -- इनको तो हम हिन्दी साहित्य के अंतर्गत रखते हैं, लेकिन क्या मैथिली, ब्रजभाषा या अवधि में कोई आज लिखे तो उसे हिन्दी- लेखन माना जाएगा

ग्रामीण व्यक्ति क्या कम जागरुक होता है ? अगर पहले का ग्रामीण राजनीतिक रूप से अपेक्षाकृत कम जागरूक होता तो गाँधी जी का ' चम्पारण सत्याग्रह ' नहीं हुआ होता । भारत में ' वयस्क मताधिकार ' को नहीं अपनाया गया होता । 

प्रेमचंद या रेणु के समय क्या ' दलित विमर्श ', ' आदिवासी विमर्श ' या ' स्त्री विमर्श ' जैसी अवधारणाओं का चलन था? ऐसे में उनके लेखन को इन पैमानों पर परखना क्या सही होगा ? रही बात शोषित और पीड़ित की आवाज की, तो क्या इसमें उनका लेखन कमतर है

विचारधारा का 'मास स्केल ' पर यदि लोप हो गया है, तो क्या विभिन्न साहित्यिक संगठनों की भूमिका का भी ' क्रिटिकल रिव्यू ' नहीं किया जाना चाहिए संगठन का काम सिर्फ कैडर या सदस्यता बढ़ाने से ही पूरा होना मान लिया जाना चाहिए

साहित्य में नए पाठक जब तक नहीं जुड़ेंगे तब तक बात नहीं बनेगी । स्कूली छात्रों के बीच यदि लेखक - आलोचकगण जा सकें तो शायद बात बन जाए । लेकिन यह काम लेखन जैसा महान काम नहीं है, तो इसे ' आउटसोर्स ' कर देना ही ठीक माना जाता है ! किसी की जिम्मेदारी तय करना और खुद जिम्मेदारी उठाने में फर्क तो रहेगा ही।

बालमुकुन खुद खुद से ही तर्क-वितर्क किए जा रहा था । सोच में विचरना थमा तो उसने देखा कि उसकी चाय ठंढी हो चुकी है , उस पर पपड़ी-सी जम चुकी है । उसे लगा कि वह थोड़ा ज्यादा ही सीरियसली सोच गया । इतना तो पत्रिका का अभीष्‍ट भी नहीं रहा होगा । उसने खुद को टोका, फिर सोचा – विचार की मथनी ठीक नहीं । आगे से कविता-कहानी पर ही जोर आजमाया जाएगा ।

[ प्रतिष्ठित मासिक पत्रिका वागर्थके अप्रैल, 2026 के अंक में प्रकाशित पृष्‍ठ 67 पर प्रकाशित परिचर्चा से इस निबंध का लेना-देना नहीं है । यदि कुछ ऐसा लगे तो महज संयोग माना जाए। ]


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें