मंगलवार, 24 नवंबर 2026

सब माया ही है !



सब माया ही है !

 

ट्रेन चाहे जनशताब्दी हो, शताब्दी हो कि वन्दे भारत, हम भारत के लोग एक हैं । विविधताओं में एकता का देश । 

          ट्रेन में चलना इसलिए बेहतर है क्योंकि सामान चाहे जितना ले चलिए, कोई टोकेगा नहीं । साहिर का एक गीत आदर्श बन जाता है “जब उसे ही ग़म नहीं क्यों हमें हो ग़म” । और फिर सीट के ठीक ऊपर वाली जगह पर सामान रखना भी उतना ही जरूरी भी तो है । हाँ, बैठने की सीट की अदला-बदली हो सकती है । सफ़र में हमसफ़र भी तो मनमाफ़िक होना माँगता ! 

          अनारक्षित से सेकेंड सीटिंग से एसी चेयर कार से शताब्दी से वन्दे भारत । हमने कितनी तो तरक्की कर ली है ! लेकिन अभी भी कोई बच्ची, कोई स्त्री अगर अकेले यात्रा कर रही हो तो सहज महसूस नहीं कर पाती । असुरक्षा की भावना स्त्रियों का गहना है ! उसे लज्जा का नाम भी दे दिया जाता है । वो तो भला हो स्मार्ट फोन का , एक सुरक्षा कवच हाथ लग गया है ।  स्मार्ट फोन में खोकर आसपास की दुनिया को भूला जा सकता है । इसी क्रम में भय से ध्यान हट जाता है । बाकी लोग भी फोन में लग जाते हैं, इसलिए एक हद के बाद हर एक की दुनिया अलग है । 

             अपना सामान अपनी सीट के ऊपर रखना हमारा टिकट-सिद्ध अधिकार है, और उसे हम लेकर रहते हैं । मेरी सीट के ऊपर वाली जगह पर किसी का बैग है । तो रहा करे । जगह मेरे सामान की है , मेरा सामान वहीं रहेगा । वहाँ पर रखे बैग के ऊपर मेरा सूटकेस रखा जाएगा । सामानों को इधर-उधर सरकाया जाएगा । मेरी टिकट-खरीद जगह है आखिर! आपको साहिर का लिखा गीत याद आ रहा होगा “जिन्हें नाज़ है हिन्द पर वो कहाँ हैं !”  

           कल एक मन्त्री महोदय के कारण डेढ़ घंटे ट्रैफिक रोका गया । बाद में एक अधिकारी महोदय के कारण चलती हुई गाड़ियों को साइड किया गया । आदमी वीआईपी ही बनना चाहता है । उसकी यह ख़्वाहिश ट्रेन में बाहर निकलती है । अपनी सीट, अपनी जगह, अपना सामान ।  हम भी वीआईपी ! हाँ, किसी से सीट एक्सचेंज करनी हो तो अलग बात है । जैसे मन्त्री जी को चुनावी रैली करनी हो, तो सुरक्षा प्रोटोकॉल की जरूरत नहीं पड़ती, नहीं तो डेढ़ घंटे ट्रैफिक रोका जा सकता है । अधिकारी के भी बड़े अधिकारी आ जाएँ, तो अधिकारी महोदय अपनी गाड़ी साइड कर लेते हैं । भारत शिष्टाचार से परिपूरित देश है ।

        कौन कम्बख्त है जो भूख लगे इसलिए खाना बुक करता है, मैं तो इसलिए बुक करता हूँ कि ऐसा न हो कि बगल वाली सीट पर बैठी सवारी खाती रहे और मैं मुँह ताकता रह जाऊँ । हमारी इच्छाएँ दूसरे ही तय कर रहे हैं । क्या, कब, कितना, कैसे --- बाजार के कारक तय कर रहे हैं । हम बाजारचालित हो गए हैं । बगल की सवारी यदि सिर्फ पानी पर हो, और आप 'फुल कॉर्स मेनू ' पर तो ऐसा लगता है कि सवारी उपवास पर है । कभी-कभी आपको गिल्ट फीलिंग भी हो सकती है । आपका मन करता है कि कम से कम चाय के लिए ही पूछ लें । पर आप चुप लगा जाते हैं  - ढेर होशियार ना बने के !

          रेलवे अपनी तरफ से एडजस्ट करता है , लेकिन फिर भी कभी- कभी एक ही टिकट के लोगों को अलग-अलग सीट दे देता है । ऐसे में कभी- कभी यात्री एडजस्ट नहीं कर पाते, भले ही दो स्टॉपेज की ही यात्रा हो । ऐसे यात्री युवा-युगल होंगे, सहज संभाव्य है । कुछ लोग आपस में बातचीत भी कर रहे हैं । या तो कोई पूर्व परिचय है, या थोड़ी उमर वाले हैं । दो स्त्रियाँ ने भी आपस में बातों का क्रम शुरू किया है । बाकियों के लिए अब स्मार्ट फोन ही अभयारण्य है । मानव जाति बेजुबान होने से तरह-तरह की भाषाएँ बोलने वाली बनी । अब फिर उस राह पर है कि वह बोलना ही नहीं चाह रही । न आपस में, न मुद्दों पर । आसपास नजर दौड़ाइए । ब्लिंकिट, स्विगी, ज़ोमैटो -- सब उसी ओर धकेल रहे हैं। बड़ी गाड़ी, ऊँचा क्लास, महँगे सामान, हाई सोसाइटी -- आदमी के हाव-भाव बदल जाते हैं । जितना ऊपर आदमी, बोलना उतना कम ।

           एक सामाजिक वार्तालाप भी हो रहा है । एक ‘तीस लाख के पैकेज वाले’ अच्छे लड़के के लिए  'पाँच चार ' की अच्छी लड़की चाहिए । हम बाजारचालित हैं तो ! फोन नम्बरों का लेन-देन हुआ है । सम्बन्ध सचमुच रैंडम ही बनते हैं ! और आजकल तो कोई वारंटी-गारंटी भी नहीं । एक महीने के भीतर तलाक तक बात पहुँच जा सकती है । लोगों के बर्दाश्त की सीमा बहुत छोटी हो चुकी है । अब कोई किसी के बाप का नहीं खाता । अब कोई किसी के बाप से नहीं डरता । सम्बन्ध पेशेवर होते जाते हैं । पेशों में सम्बन्धों के लिंक ढूँढ़े जा रहे हैं । संतुलन बनाने में लोगों का विश्वास नहीं रहा । आँखें बन्द कर के किसी पर भरोसा मत कीजिए, लेकिन हर तरफ से आँखें बन्द भी मत कर लीजिए । 

           किसी ने किसी से जगह बदली, किसी ने किसी के सामान के लिए अपना सामान हटाया, किसी की किसी से सामान रखने को लेकर थोड़ी बाताबाती हुई, कोई अपने सहयात्री से अलग जाकर बैठ गया कि एक ‘युगल’ साथ-साथ बैठ सके -- सबकुछ चल रहा है यात्रा में । 

          किसी की सीट के नीचे उसके चाय वाली खाली कप गिर गई है । सब देख कर भी नहीं देख पा रहे । मन हो रहा है उठा कर डस्टबिन में फेंक आऊँ । लेकिन वही -- ढेर होशियार ना बने के ! कभी-कभी मैं एक जागरूक नागरिक बन जाता हूँ । चाय सर्व करने वाले ने एक सवारी को चाय नहीं दी, मैने टोक दिया । एक सवारी के नाश्ते में देर की । मैं रुका रहा कि नहीं लाएगा तो पूछूँगा । नाश्ता देर से इसलिए लाया क्योंकि ' डायबिटीज स्पेशल ' था । थोड़ी देर पहले बगल वाली पैसेंजर से पूछने लेने पर विचार हो रहा था कि वे चाहें तो सीट एक्सचेंज कर लें यदि कम्फर्टेबल फील न हो रहा हो  -- ढेर होशियार ना बने के ! लेकिन ' इज़ भारत अ सेफ़ डेस्टिनेशन ?' भारत विकसित हुआ है या संकुचित ?

          दो-तीन स्टॉपेज निकल चुके हैं । कुछ सीटें खाली हो चुकी हैं । खाना दे दिया गया है । खाने में हिचक हो रही है। लगता है सब मुझी को देख रहे हैं । जो चले गए हैं उनकी भी आँखें मुझी पर लगी हैं -- कितना खाता है यह आदमी ! मैं कुछ पैकेट वापस कर देता हूँ । पूछना चाहता हूँ कि इस तरह बचे हुए खाने के पैकेटों का क्या होता है ? क्या वे किसी जरूरतमंद के उपयोग के लिए दे दिए जाते हैं ? मन में यह डेढ़ा खयाल भी है कि हो न हो, किसी और यात्री को बेच दिया जाएगा । हम ईमानदारी को ‘फेस वैल्यू’ पर क्यों नहीं ले पाते ? हम बच्चों को आदर्श चरित्र की कथाएँ पढ़ा-सुना कर बड़ा करते हैं और उनके बड़ा होते ही कहते हैं कि असली दुनिया में पैर रखोगे तो पता चलेगा ! हम जो दिखते हैं, वो होते नहीं हैं । हम जो होते हैं, वो दिखना नहीं चाहते । सामने वाले सज्जन यात्रा से प्रसन्न हैं । लेकिन साफ-सफाई को लेकर उनकी भी राय यही है कि “ इस ट्रेन में भी शुरू हो गया है !” । असल में समानता लाने का एक उपाय है साफ-सफाई ।   सफाई करने से नहीं, सफाई नहीं करने से समानता आती है ! हर ट्रेन में एक-सी गन्‍दगी !  

            नई ‘शताब्दी’  ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाना बन्‍द हो जाता है, ‘वन्दे भारत’ शुरू हो जाती है । दूरियाँ और यात्राएँ वही रहती हैं । यात्री एक स्टेशन पर चढ़ते हैं और गन्तव्य स्टेशन पर उतर जाते हैं । बीच की बातें एक जीते जागते स्वप्न की तरह गुजरती हैं । पूर्वज कह गए हैं कि जगत् मिथ्या है, एक स्वप्न है, पानी का बुलबुला है । सब माया है ! 

             गन्तव्य स्टेशन आने वाला है । इस माया से निकलना है।  यथार्थ की दुनिया में प्रवेश करना है । यथार्थ भी दरअसल एक माया है । एक दिन उससे भी निकल जाना है ।

              सब माया ही है ! 

1 टिप्पणी: