रविवार, 27 सितंबर 2020

मेरे एस पी बालासुब्रमण्यम

 मेरे एस पी बालासुब्रमण्यम

 

“ रफ़ी साहब के गाने को आप आँखें बंद कर के सुनिए... पूरी परिस्थितियाँ, पूरा माहौल , पूरी भावनाएँ आपके सामने उपस्थित हो जाती हैं, आप उनको महसूस कर सकते हैं”- रफ़ी साहब के बारे में बोलते हुए किसी टीवी शो में एस पी बालासुब्रमण्यम ने कुछ ऐसा ही कहा था । उनके चले जाने के बाद मैं एस पी बी की यही बात उनके बारे में सोच रहा हूँ । वे अपने गायन की बदौलत मेरे और मेरे जैसे कितनों के व्यक्तित्व में रच-बस गए हैं ।

       25 सितंबर के दिन में एस पी बालासुब्रमण्यम के निधन की खबर आई । हालाँकि उनकी तबीयत बहुत खराब चल रही थी, पर इस खबर का इंतज़ार कोई नहीं करता । थोडी देर के लिए करता हुआ काम छूट गया । यू ट्यूब ने गानों को कभी भी सुनने-देखने की सुविधा दे दी है । यू ट्यूब पर गाना सर्च किया – ‘ तूने साथी पाया अपना जग में इस जग में” । अप्पू राजा के इस गाने को जाने कितनी बार सुना होगा । दर्द पर इस गाने ने कितनी बार मरहम रखा होगा । गाने अपने मूल अभिप्राय से निकल कर हर तरफ फैल जाते हैं । दूसरा गाना सुना –‘ हम न समझे थे बात इतनी सी / ख्वाब शीशे के दुनिया पत्थर की’ । वह दौर था जब कुछ बनने की उम्मीद लिए कुछ न कर पाने, कुछ न हो पाने की बेचैनी मन में चक्कर काटने लगी थी । और वह बेचैनी बनी रहती है, और ज़ेहन में यह गाना भी ।  तीसरा गाना – ‘सच मेरे यार है, बस वही प्यार है’ फिल्म सागर से । कुछ-कुछ ‘तूने साथी पाया अपना’ जैसा ही ।  DDLJ और ‘मैंने प्यार किया’ के पहले के दौर का सिनेमा, जब प्यार का मतलब सह जाना भी था । ये तीनों गाने repeat पर डाल कर सुने । आँख भीगी-सी लगी । शायद कुछ कमज़ोर हो जाने का अहसास ! लेकिन ये गाने तो रहेंगे न !

          अब सोचता हूँ तो लगता है उनका पहला गाना जिसने अपनी ओर खींचा था , वह था –‘ बेखुदी का बड़ा सहारा है, वरना दुनिया में कौन हमारा है’ । फिल्म ‘एक ही भूल’ । इसके अलावा ‘ एक दूजे के लिए’ के गाने तो थे ही । उसमें भी ‘ हम तुम दोनों जब मिल जाएँगे /एक नया इतिहास बनाएँगे” । बिनाका गीत-माला में बहुत बार सुना हुआ ‘रास्ते प्यार के’ फिल्म का गाना ‘ ये वक़्त न खो जाए’ भी ।  

      क्या है एस पी बालासुब्रमण्यम में जो अपनी ओर खींचे रहता है ?  रफ़ी साहब की वही खासियत जिसके बारे में एस पी बी  चर्चा करते थे । इसके अलावा मुझे लगता है एस पी बालासुब्रमण्यम में यह खासियत है कि वे आपके अंदर उतर जाते हैं, आप में समा जाते हैं । वे आपके साथ-साथ चलते हैं । दर्द आपका होता है पर गाते वे हैं । मुझ जैसे हिंदी मीडियम बिहारी लड़के के लिए, जो सिर्फ़ सोचता ही था कि “ हम भी मुँह में ज़बान रखते हैं”, एस पी बालासुब्रमण्यम ने पूछा भी और हाल सुनाया भी । उनके गायन में कुछ तो है जो दर्द को बयां भी करता है और उससे उबरने की ताकत भी देता है । उसमें डुबाए नहीं रखता है ।

       ‘मैंने प्यार किया’ से सलमान खान को आवाज़ मिली, पर उसके पहले मेरे लिए वे कमल हासन की आवाज़ बन चुके थे । कमल हासन गाएँ तो उन्हीं-जैसा गाएँगे । अप्पू राजा का ‘ राजा नाम मेरा’ गाना सुन कर देखिए । कुछ वैसा ही कि राज कपूर गाते तो मुकेश के जैसा ही गाते । ‘दीवाना’ के आखिरी सीन में राज कपूर दो लाइनें गुनगुनाते हैं “ सब ठाठ धरा रह जावेगा / जब लाद चलेगा बनजारा” ।  

       रफ़ी साहब के जन्मदिन के अवसर पर जुलाई में जारी किए वीडियो में वे रफ़ी साहब के बारे में कहते हैं “ He is like a flower. I would say he is, not was.” यही बात उनके खुद के लिए भी कितनी सही है !! 

मंगलवार, 22 सितंबर 2020

राज शेखर होने के मायने

  
(चित्र : सौजन्य - गिरींद्रनाथ झा )







   

राज शेखर होने के मायने

  

बरसों पहले कोसी की एक कथा पर एक फिल्म बनी थी । नाम तो आप जानते ही होंगे – तीसरी कसम । इस फिल्म में एक गीत था –‘ पान खाए सैंया हमारो’ । इस गाने में दो लाइनें कुछ ऐसी थीं –

 

      हमने मँगाई सुरमेदानी , ले आया ज़ालिम बनारस का ज़र्दा

      अपनी ही दुनिया में खोया रहे वो, हमरे दिल की न पूछे बेदरदा

 

आज एक गीत सुन रहा था तो बरबस यह गीत याद आ गया । गाना है 2019 में आई फिल्म ‘साँड की आँख’ का । झुन्ना, झुन्ना, झुन्ना । इस गाने की एक लाइन है – “ सैंया बेदरदा फूँके है ज़र्दा” । आप बताइए कि बेदरदा और ज़र्दा शब्द हिंदी फिल्म के किस गाने में आपने सुना है, कम से कम इधर के 20-25 बरसों में ? आप सवाल पूछ सकते हैं कि ये शब्द क्यों याद रखे जाने चाहिए ? वाजिब सवाल है । अच्छा यह बताइए कि कातिक, अगहन, फागुन जेठ, काँसा, पीतल, सिलवट, रूई, रेशा, अरदास, मच्छरदानी, गाँव-जवारी, सदाबहार, चमकदार, उजला, हुक्का, गुड़गुड़, बुलबुला, माथापच्ची,जुगनू, रफ़ा-दफ़ा, बवंडर, गँड़ासा, टिमटिम – ऐसे शब्द याद रखे जाने चाहिए या नहीं ? जब सारी दुनिया ‘ ओ या’, ‘ आइ नो’, ‘यू नो’ में लगी हुई है तब ऐसे शब्द क्यों याद रखे जाने चाहिए ?

 

      हम देखें तो सँस्कृति के निर्वहन और निरंतरता में हमारी भाषा का बहुत बड़ा योगदान होता है । और सरकारी या किताबी भाषा नहीं बल्कि लोक की भाषा । ऊपर जो शब्द उदाहरण के तौर पर रखे गए हैं, आप ग़ौर करेंगे तो पाएँगे कि ये लोक से उठाए हुए शब्द हैं । हम अगर अपनी भाषा, अपने शब्दों से दूर होते जाएँगे तो हम धीरे-धीरे अपनी सँस्कृति से भी दूर होते जाएँगे । हमें अपनी भाषा का सम्मान करना ही होगा, उसे बचा कर रखना ही होगा ।  ‘तीसरी कसम’ के गीत को लिखा था शैलेन्‍द्र ने और ‘साँड की आँख’ के गीत को लिखा है राज शेखर ने । वही राज शेखर जो कोसी के हैं, मधेपुरा के हैं । वही राज शेखर जिनका आज जन्मदिन है । 

 

      बकौल राज शेखर वो एक ‘एक्सीडेंटल’ गीतकार हैं । उस ‘एक्सीडेंट’ के भी दस वर्ष पूरे हो चले हैं । उनके लिखे गीतों की सूची देखें तो कुल जमा चालीस- इकतालीस गीत हैं , यानी कि साल के तकरीबन चार गीत । आज के इस ‘ जो दिखता है वो बिकता है’ के दौर में यह सूची काफी छोटी लगती है । लेकिन बावजूद इसके वे बराबर फिल्मों में बने हुए हैं । उनके गीत पसंद किए जा रहे हैं – जनता के द्वारा भी और फिल्म-वाले लोगों के द्वारा भी । उनके द्वारा लिखे गए पहले गीत ‘ ऐ रंगरेज़ मेरे’ ने ही अपार सफलता का स्वाद चखा दिया । अमूमन ऐसा होता नहीं है । फिल्म थी ‘तनु वेड्‍स मनु’ । इस फिल्म में उनके लिखे सारे गीत एक से बढ़कर एक । साल था 2011 । एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया है कि ‘ऐ रंगरेज़ मेरे’ और ‘ मन्नू भैया का करिहैं’ एक ही दिन बल्कि एक ही बैठक में लिखे गए गीत हैं । अगर आपने दोनों गाने सुने हैं तो राज शेखर की ‘रेंज’ पर विस्मित हुए बिना नहीं रह पाए होंगे ।  उसके बाद 2013 में एक गाना आता है फिल्म ‘इसक़’ में – ‘ एन्ने-ओन्ने’ । होली का मस्ती भरा गाना । इस गाने को देखें तो इसमें गीतकार द्वारा होली के नाम पर छूट लेने की पूरी संभावना थी , पर उसको जिस नज़ाकत से वो संभाल ले गए हैं वह देखिए – “ तुझे सिलवट-सिलवट चख लें /हम पारा- पारा पिघलें” । गुलज़ार राज शेखर के पसंदीदा गीतकार हैं, मालूम नहीं उन्होंने यह गीत सुना है कि नहीं ? ‘इसक’ के बाद 2105 में ‘तनु वेड्‍स मनु रिटर्न्‍स’ । इस फिल्म का एक गीत, जो शायद उतना चर्चित नहीं हुआ, - “हो गया है प्यार तुमसे / तुम्हीं से एक बार फिर से” । प्यार की एक नई व्याख्या । और इतनी मखमली! 2016 में आई ‘ क्यूट कमीना’ । इसके गानों की भी चर्चा उतनी नहीं हुई । भोपाल शहर पर लिखी गई कव्वाली भोपाल शहर के किरदार को आँखों के सामने रख देती है । ‘ सिंगल चल रिया हूँ’ गीत में एक पंक्ति है ‘ मालवा के आसमाँ पे / किसने की फुलकारियाँ ये’ । किसी जगह , किसी प्रदेश को इतने रोमांटिक रूप में गाने में शामिल कर लेना गाने में एक अलग कशिश पैदा कर देता है । कशिश तो इसी फिल्म के एक और गीत ‘ शाम होते ही’ में यह लाइन भी पैदा करती है – ‘ नीले सैटिन में लिपटा ये शहर / चमके जुगनू-सा’ । ‘  तनु वेड्‍स मनु रिटर्न्‍स’ का एक गीत ‘ ओ साथी मेरे’ , उसके गायक सोनू निगम को हद से ज्यादा पसंद है । 2017 में एक फिल्म आई थी ‘ फ्रेंडशिप अनलिमिटेड’ इसमें भी सोनू निगम का गाया , राज शेखर का लिखा एक गीत है – ‘ तेरे बिन ओ यारा’ । यह गीत भी ‘ ओ साथी मेरे’ की टक्कर का ही है । इसी साल एक फिल्म आई ‘ करीब करीब सिंगल’ । इसमें राज शेखर के दो गीत थे । ‘ जाने दे’ जो लोगों की ज़ुबान पर चढ़ गया, और उतरा ही नहीं । पर इसी फिल्म का एक दूसरा गीत ‘ खतम कहानी’ एक अलग ही चोखे रंग का गीत है ।  2018 में एक छोटी-सी फिल्म आई ‘ मेरी निम्मो’ । यह उस समय भी ओ.टी.टी पर ही रिलीज़ हुई थी । इस फिल्म में तीन गीत । एक गीत की कुछ लाइनें देखिए – “ आते-जाते पल से न जी लगाओ...क्या ये भी बीत जाएगा / हाँ ये भी बीत जाएगा” । यह गीत अंग्रेज़ी की एक कविता “ This, too, shall pass away”  ( Paul Hamilton Hayne) की बरबस ही याद दिलाता है जैसे शैलेन्‍द्र का लिखा गीत “ हैं सबसे मधुर वो गीत जिन्हें हम दर्द के सुर में गाते हैं” , “ Our sweetest songs are those that tell of saddest thought” ( P.B. Shelley)  कविता की  । शैलेन्‍द्र भी राज शेखर के पसंदीदा गीतकार हैं ।

  

      2018 में तीन फिल्में और चार गीत और आए । ‘हिचकी’ में ‘ खोल दे पर’ और ‘मैडम जी गो ईज़ी’, ‘वीरे दी वेडिंग’ में ‘आ जाओ ना’ और ‘तुम्बाड’ का टाइटिल सॉन्‍ग । ‘ तुम्बाड’ का गीत जरूर सुना जाना चाहिए । इसमें शब्दों से जो ध्वनियाँ उत्पन्न की गई हैं  वो एक दूसरे ही लोक में ले जाती हैं । ऐसा कर पाना भी संभवत: राज शेखर के बस का ही था । 2019 में तीन फिल्में । ‘उरी’ , ‘जबरिया जोड़ी’ और ‘ साँड की आँख’ । ‘उरी’ के गीत ‘बह चला’ की यह लाइन देखिए –“ छोटी-सी ज़िद होगी, लंबी-सी रातें /फिर भी प्यार रह जाएगा” । यह पंक्ति चमत्कृत कर देती है । ‘जबरिया जोड़ी’ के ‘ मच्छरदानी’ में एक तरफ तो मच्छरदानी शब्द का इस्तेमाल होता है तो दूसरी तरफ ‘क्वीन, स्वीटी, पासवर्ड’ जैसे शब्द । यानी कि शब्द सहज रूप से ही चले आते हैं गीतों में बेखटके, बिना किसी को खटके । ‘ साँड की आँख’ पूरा एल्बम ही खास है । गीतों की विविधता के कारण और आशा भोंसले के गाए गीत ‘ आसमाँ’ के कारण । इस गीत के बारे में आशा जी ने किसी साक्षात्कार में कहा है कि ऐसे गाने अब बनते नहीं हैं । 2020 में फिर से एक बार ‘बम्फाड़’ सिनेमाघरों में न रिलीज़ हो कर ओ.टी.टी पर हुई , हालाँकि तब तक देश में लॉकडाउन भी लग गया था । मालूम नहीं इस फिल्म के गानों का एल्बम क्यों नहीं रिलीज़ किया गया है अब तक । यू ट्यूब पर बिखरे हुए इसके गानों को सुनिए , या फिर फिल्म देख कर सुनिए । ‘बम्फाड़’ के गीतों की कुछ पंक्तियाँ – “ ऐसे तो कोई खास बात है नहीं / तू है तो ज़िंदगी ये कीमती लगे” , “ ज़िक्र गुलाबी तेरा जितना है / उतना ही मैं भी गुलाबी अब हो रहा” , “ मैं मुंतज़िर नहीं / पर इंतज़ार-सा” या फिर “ जीभ है गँड़ासा इनकी” । एक तरफ नर्मो-नाज़ुक इश्क की बातें तो दूसरी तरफ गँड़ासा – उतनी ही सहजता से । ओ.टी.टी पर ही रिलीज़ हुई ‘ रात अकेली है’ में राज शेखर का एक गीत है ‘ आधे-आधे-से हम’ । इस गीत को सुनिए और सोचिए कि कविता और क्या होती है ? राज शेखर ने एक ‘शॉर्ट फिल्म’ ‘द गाइड’ के लिए भी एक गीत लिखा है , उसका भी उल्लेख जरुरी है । 2016 में आई इस ‘शॉर्ट फिल्म’ के गीत की कुछ पंक्तियाँ – “ अगहन, फागुन , तुमसे ही जेठ” , या फिर “ बँध गए हैं मौसमों के / सारे ही अब छोर तुमसे” – क्या यह कविता नहीं है ?

 

      राज शेखर के गीतों में उनका लोक उनके साथ चलता है । लोक जहाँ पर वे रमते हैं, लोक जहाँ से वे आते हैं । बिहार के , खास कर मिथिला/कोसी क्षेत्र के शब्दों को वे अपने गीतों में बड़ी सहजता से ले आते हैं । खिसियाना, धकधकाना, हकबकाना – जैसे शब्द मुख्य धारा की हिंदी फिल्मों में आ रहे हैं और स्वीकार किए जा रहे हैं । इसका कुछ श्रेय राज शेखर को भी जरूर जाता है । अंग्रेज़ी और पंजाबी शब्दों को हम पहले ही हिंदी फिल्मों के गीत में स्वीकार कर चुके हैं । राज शेखर ने संख्या की दृष्‍टि से कम ही गीत लिखे हैं । यह दो बातों को इंगित करता है – एक कि राज शेखर हड़बड़ी में नहीं हैं दूसरे उनके काम की गुणवत्ता लोगों को उनसे बाँधे रखी है । अब जबकि फिल्मों में एक तरह से गानों की जगह कम होती जा रही है, राज शेखर के गीतों का आते रहना और भी जरुरी है ।

 

शैलेन्‍द्र ने अपने आत्म-परिचय में लिखा था –“ फिल्म-गीत लिखना अधिकतर बहुत आसान समझा जाता है । सीधे-सादे शब्द , घिसी-पिटी तुकें, कहा जाता है कि फिल्म-गीत और है क्या ?  मेरा अनुभव कुछ और है । फिल्म-गीत-रचना मेरी समझ से एक विशेष कला है” । शैलेन्‍द्र पर चर्चा करते हुए डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने लिखा है – “ मेरी बड़ी इच्छा है कि शैलेन्‍द्र के गीतों की साहित्यिक व्याख्या की जाए । ... यदि शैलेन्‍द्र के गीतों को समुचित ढंग से व्याख्यायित किया जाता तो यह दुरवस्था फिल्मों भी नहीं आई होती” ।

 

हालाँकि यह कहना अभी शायद जल्दी होगा, लेकिन जिस तरह से वे चल रहे हैं, शैलेन्‍द्र और डॉ, बुद्धिनाथ मिश्र , दोनों, की बात भविष्य में राज शेखर पर भी लागू होगी ।

 

राज शेखर खूब लिखें, खूब अच्छा लिखें ।   

 

शनिवार, 5 सितंबर 2020

हिरना भागल जा ता हो
कस्तूरी मिलते नइखे

केतनो जोर लगाव हो
बोझवा त हिलते नइखे

कइसन तोर निसाना हो
गोटिया त पिलते नइखे

खाली सुतले-सुतला हो
घसवो ले छिलते नइखे

पनिया केतना डलब हो
फुलवा सन खिलते नइखे

घाव दरद बड़ देता हो
कोनो ऊ सिलते नइखे